व्यावसायिक स्नातक प्रशिक्षुओं की प्रदर्शनी और युवा संवाद कार्यक्रम सम्पन्न

व्यावसायिक स्नातक प्रशिक्षुओं की प्रदर्शनी और युवा संवाद कार्यक्रम सम्पन्न

चंबा, सितम्बर 27 मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय महाविद्यालय चंबा में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम और व्यावसायिक स्नातक के प्रशिक्षु विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों और आगंतुकों को नई दिशा प्रदान की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों से संबंधित प्रोजेक्ट, मॉडल और नवाचारपूर्ण कार्य प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों तथा आगंतुकों ने सराहा। प्रदर्शनी में रोजगार और उद्यमिता से जुड़े विभिन्न विषयों को भी रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे छात्रों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ।

युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं के रूप में उप पुलिस अधीक्षक (विजिलेंस) अभिमन्यु वर्मा, जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान और जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. कर्ण हितेषी उपस्थित रहे। इन्होंने छात्रों को उपयोगी एवं प्रेरणादायक जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। साथ ही, उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करने और तकनीकी शिक्षा का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि रोजगार की दिशा में प्रौद्योगिकी और उद्यमिता का मेल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो सकता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी अपने सवाल पूछकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।महाविद्यालय के प्रधानाचार्य मदन लाल गुलेरिया ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक और व्यावसायिक स्तर पर भी सक्षम बनाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षु विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी की भी प्रशंसा की और कहा कि यह उनके व्यावहारिक ज्ञान का उत्कृष्ट उदाहरण है।

इस अवसर पर प्रो. अविनाश सहित महाविद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम से प्रेरणा लेते हुए भविष्य में अपनी योग्यता और कौशल को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!