अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिला इकाई बनीखेत की गोष्ठी में शिक्षक हितों व शिक्षा सुधारों पर व्यापक मंथन

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिला इकाई बनीखेत की गोष्ठी में शिक्षक हितों व शिक्षा सुधारों पर व्यापक मंथन

डलहौजी/चम्बा, 17 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिला इकाई बनीखेत की जिला गोष्ठी का आयोजन बीते दिन जिला अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। गोष्ठी में महासंघ के मूल सिद्धांत— राष्ट्रहित में शिक्षा, शिक्षा के हित में शिक्षक और शिक्षक के हित में समाज — की भावना के अनुरूप शिक्षक के कर्तव्यों, दायित्वों और वर्तमान शैक्षिक चुनौतियों पर विस्तृत परिचर्चा की गई।

बैठक में शिक्षा क्षेत्र में बढ़ती अपेक्षाओं, नवाचारों और आधुनिक शिक्षा पद्धतियों पर विशेष विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि भारत को पुनः ज्ञान, नवाचार और आदर्शों के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक क्या-क्या कर सकता है, यह गोष्ठी का प्रमुख विषय रहा।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से कई महत्त्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें शिक्षकों की सेवा शर्तों, पदोन्नति, वेतनमान, भत्तों और कार्यस्थल सुविधाओं से जुड़े मुद्दे शामिल रहे। प्रस्तावों में अनुबंध कर्मियों के नियमितीकरण, लंबित भत्तों के भुगतान, नए वेतनमानों के एरियर जारी करने, 07-07-14 अधिसूचना को रद्द कर 04-09-14 का लाभ सभी अध्यापकों को देने, टीजीटी और अन्य कैडरों में पदोन्नति विसंगतियाँ दूर करने, महिला शिक्षकों को चाइल्ड केयर लीव प्रदान करने और शिक्षकों को गैर-शैक्षिक कार्यों से मुक्त करने जैसी प्रमुख मांगें उठाई गईं।

इसके अलावा विद्यालयों में कला, पीईटी, डीपीई और गैर-शिक्षक स्टाफ के सृजन, कठिन क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को विशेष भत्ता बढ़ाने, सेवा लाभों में पूर्व सेवाकाल जोड़ने, चिकित्सा सुविधा कैशलेस करने, निरीक्षण कैडर को सहयोगी बनाने, विद्यालयों में वर्दी की एकरूपता, छात्रवृत्ति प्रभार गैर-शिक्षक के अधीन करने और आउटसोर्स भर्ती समाप्त करने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किए गए।

गोष्ठी में ‘हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ’ के प्रांतीय संयोजक वीरेंद्र चड्ढा, जिला महामंत्री शेर सिंह, जिला संगठन मंत्री नीरज भारद्वाज, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजीत ठाकुर सहित जिला के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का समापन इस आह्वान के साथ हुआ कि सभी शिक्षक शिक्षा सुधारों में सक्रिय भूमिका निभाएं और शिक्षा को राष्ट्रनिर्माण की आधारशिला के रूप में सुदृढ़ बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!