डॉ. यशवंत सिंह परमार की 119वीं जयंती पर रिज मैदान में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित

डॉ. यशवंत सिंह परमार की 119वीं जयंती पर रिज मैदान में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित

शिमला, 4 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)


हिमाचल प्रदेश के निर्माता और प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की 119वीं जयंती आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सादगी और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने प्रदेशवासियों की ओर से डॉ. परमार को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और संघर्ष के कारण ही हिमाचल प्रदेश एक संगठित और विकसित राज्य बन सका।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, पार्षदगण, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी, विशेष सचिव सामान्य प्रशासन हरबंस सिंह ब्रासकोन, नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र कुमार अत्री तथा अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा ने भी डॉ. परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा भजन गायन और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे माहौल को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया।

उल्लेखनीय है कि डॉ. परमार ने हिमाचल को राज्य का दर्जा दिलवाने में अहम भूमिका निभाई थी और उनके योगदान को प्रदेश सदैव याद रखेगा। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!