डलहौजी उपमंडल में आज सभी शिक्षण संस्थान बंद, प्रशासन ने जारी किया आदेश

डलहौजी उपमंडल में आज सभी शिक्षण संस्थान बंद, प्रशासन ने जारी किया आदेश

डलहौजी, /चंबा 03 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए अलर्ट को ध्यान में रखते हुए उपमंडल डलहौजी के अंतर्गत आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) डलहौजी, अनिल भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार, 03 सितंबर 2025 को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। इसमें स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, आंगनवाड़ी केंद्र और अन्य शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं। यह आदेश विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।बीते कुछ दिनों से डलहौजी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार भारी वर्षा हो रही है। कई स्थानों पर भूस्खलन, सड़क धंसने और नालों के उफान की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन परिस्थितियों में विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए स्कूल-कॉलेज तक पहुंचना जोखिम भरा साबित हो सकता है। इसी कारण एहतियात के तौर पर शिक्षण संस्थानों को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की गंभीरता को देखते हुए सतर्क रहें और बिना आवश्यकता के बाहर न निकलें। साथ ही, अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों को सुरक्षित रखें और उन्हें घर से बाहर जाने से रोकें।उपमंडलाधिकारी ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है और हालात सामान्य होने पर संस्थानों को फिर से खोला जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।इस निर्णय से डलहौजी उपमंडल के हज़ारों विद्यार्थी और स्टाफ प्रभावित होंगे, लेकिन प्रशासन का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में सुरक्षा सर्वोपरि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!