चंबा में युद्धस्तर पर जारी बहाली कार्य, उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने दी जानकारी

चंबा, 31 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में लगातार हो रही भारी बारिश से बाधित हुई मूलभूत सेवाओं की बहाली युद्धस्तर पर जारी है। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि बारिश के बावजूद विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात समर्पण भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण और विद्युत बोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी बिना थके मरम्मत और बहाली के कार्य में जुटे हुए हैं।

रेपसवाल ने जानकारी दी कि लोक निर्माण विभाग ने शनिवार रात लगभग 2 बजे तक अथक प्रयास करते हुए चंबा–लंगेरा–भदरवाह सड़क मार्ग को यातायात योग्य बना दिया गया न। इसके परिणामस्वरूप लगभग 190 हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित हुई और करीब 1850 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि शनिवार को कुल 30 सड़कें बहाल की गईं, जबकि रविवार शाम तक 43 और सड़कों को खोलने की संभावना है। वर्तमान में लगभग 600 अधिकारी-कर्मचारी और 100 से अधिक मशीनरी, जिनमें जेसीबी, पोकलेन और डोजर शामिल हैं, विभिन्न मार्गों की बहाली में सक्रिय हैं।

विद्युत आपूर्ति को लेकर उपायुक्त ने बताया कि भारी बारिश से प्रभावित लगभग 1100 ट्रांसफार्मरों में से अब तक 838 को सुचारू कर दिया गया है। रविवार शाम तक 120 और ट्रांसफार्मरों को बहाल करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि जंरगला सबस्टेशन के अंतर्गत आने वाले गांवों को वैकल्पिक आपूर्ति से जोड़ा गया है, वहीं 133 केवी करियाँ-धरवाला ट्रांसमिशन लाइन भी रविवार देर शाम तक बहाल होने की संभावना है।

विद्युत बोर्ड के लगभग 150 अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार इसमें जुटे हुए हैं।जल शक्ति विभाग की स्थिति पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि बारिश से प्रभावित 487 पेयजल योजनाओं में से 394 योजनाओं को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है, जबकि शेष योजनाओं पर भी तेजी से कार्य जारी है। विभाग के मुख्य अभियंता उत्तरी जोन धर्मशाला स्वयं जिला में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

अंत में उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी की जा रही जानकारी पर विश्वास करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिला प्रशासन लोगों की सुविधाओं को प्राथमिकता से सुचारू बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।