चम्बा में नशाखोरी पर सख्त हुई पुलिस, सार्वजनिक स्थलों पर पैदल गश्त शुरू

चम्बा में नशाखोरी पर सख्त हुई पुलिस, सार्वजनिक स्थलों पर पैदल गश्त शुरू

चम्बा 15 अक्टूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

चम्बा शहर और इसके आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर नशा करने वालों के खिलाफ अब पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। नशे के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत पुलिस कर्मी प्रतिदिन शाम को पूरे शहर में पैदल गश्त करेंगे। इस दौरान यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब या अन्य किसी नशे का सेवन करता हुआ पाया गया, तो मौके पर ही उसका चालान किया जाएगा। नियमों के अनुसार ऐसे मामलों में 5000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।पुलिस विभाग का यह कदम समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और लोगों में कानून के प्रति जागरूकता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक जगहों पर नशा करते हुए पकड़े जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।गौरतलब है कि चम्बा शहर और आस-पास के क्षेत्रों में आए दिन कुछ लोग शराब या अन्य नशे के पदार्थों का सेवन करते हैं और बाद में हुड़दंग मचाकर सार्वजनिक शांति भंग करते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए अब पुलिस ने ठोस कदम उठाए हैं।एएसपी हितेश लखनपाल ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इसका उद्देश्य शहर को नशामुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं छोड़ा जाएगा।इसके साथ ही पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी शिकंजा कस दिया है।

बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट कार चलाने और अन्य उल्लंघनों पर भी चालान की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और समाज में नशामुक्ति के संदेश को फैलाने में सहयोग करें, ताकि चम्बा को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!