भलेई में बादल फटने से भारी तबाही 50 से अधिक घर जमींदोज, विधायक डीएस ठाकुर ने किया दौरा

भलेई में बादल फटने से भारी तबाही, 50 से अधिक घर जमींदोज, विधायक डीएस ठाकुर ने किया दौरा

चंबा,31अगस्त मुकेश कुमार(गोल्डी)

भारी बारिश और बादल फटने की घटना ने चंबा जिला के भलेई क्षेत्र में व्यापक तबाही मचाई है। स्थिति इतनी गंभीर है कि स्थानीय जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार को आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय प्रशासन ने हालात का जायज़ा लिया और प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।भलेई पंचायत के अंतर्गत आने वाले बम्बेऊ, मोकड़ियाल और लमहणी गाँव सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, 50 से अधिक घर पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं, जबकि करीब 60 से अधिक घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होकर रहने योग्य नहीं बचे हैं।

ऐसे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित कर अस्थायी राहत शिविरों में ठहराया गया है।प्रशासन ने राहत कार्यों को तेज करते हुए प्रभावित परिवारों के लिए पर्याप्त राशन, पेयजल व अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई है। साथ ही गैस सिलेंडर की व्यवस्था भी तत्काल की गई है ताकि परिवारों को किसी प्रकार की कठिनाई न झेलनी पड़े। राहत शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं और बच्चों की विशेष देखभाल के लिए भी व्यवस्था की जा रही है।

इस मौके पर स्थानीय नेतृत्व ने प्रदेश सरकार से अपील की है कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और उन्हें बसाने के लिए पर्याप्त ज़मीन उपलब्ध करवाई जाए, ताकि उनका जीवन एक बार फिर सामान्य हो सके। लोगों ने उम्मीद जताई है कि सरकार शीघ्र ही पुनर्वास योजना बनाकर प्रभावित परिवारों को स्थायी आवास मुहैया कराएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों में इस तरह की तबाही पहली बार देखी गई है। फिलहाल प्रशासन युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य चला रहा है और हालात को जल्द सामान्य बनाने की कोशिशें जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!