हिमाचल प्रदेश की अनदेखी से ‘आप’ कार्यकर्ताओं में निराशा :- मनीष सरीन

डलहौजी/चंबा 24 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश प्रवक्ता मनीष सरीन ने हाल ही में आयोजित पार्टी की पीएसी बैठक में हिमाचल प्रदेश का जिक्र न होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के कार्यकर्ता काफी निराश हैं।
मनीष सरीन ने बताया कि पीएसी बैठक से एक दिन पहले हिमाचल प्रदेश AAP अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पार्टी के राष्ट्रीय सचिव से मिला था। इस मुलाकात का उद्देश्य प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने के संबंध में चर्चा करना था, लेकिन इसके बावजूद बैठक में हिमाचल प्रदेश को प्राथमिकता नहीं दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों से पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश में संघर्ष कर रहे हैं, फिर भी केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है। दिल्ली चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक से मिलने का समय मांगा गया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला।
मनीष ने 2022 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने बिना संसाधनों के 67 उम्मीदवारों को उनके हाल पर छोड़ दिया था। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा से पार्टी को प्रदेश में स्थापित करने का प्रयास किया, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व की ओर से उपेक्षा ही मिली।
उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व को सचेत करते हुए कहा कि यदि जल्द हिमाचल प्रदेश पर ध्यान नहीं दिया गया, तो बहुत देर हो जाएगी।