उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने आज विधानसभा क्षेत्र चुराह के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

तीसा/ चुराह , 21 सितंबर दिलीप सिंह ठाकुर
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज विधानसभा क्षेत्र चुराह के अंतर्गत विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत गुईला, बोंदेडी, बैरागढ़, सतनाला, गुलेई सहित कई अन्य पंचायतों में प्रभावित परिवारों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से क्षतिग्रस्त आधारभूत ढांचे की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही राजस्व विभाग के फील्ड कर्मियों को प्रभावित परिवारों का त्वरित सर्वेक्षण कर वास्तविक नुकसान का आकलन करने और राहत राशि वितरण प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित लोग स्वयं भी ऑनलाइन रेवेन्यू मॉनिटरिंग सिस्टम (आरएमएस) पर अपनी निजी संपत्ति को हुई क्षति की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

पंचायती राज प्रतिनिधियों से उन्होंने पंचायत स्तर पर आवश्यक कार्यों को जल्द शुरू करने की अपील की।इस मौके पर उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत बोर्ड और ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अब तक किए गए कार्यों का निरीक्षण किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।रेपसवाल ने स्थानीय जनता से राहत एवं पुनर्वास कार्यों में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच सामूहिक प्रयासों से ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति शीघ्र बहाल की जा सकती है।

इससे पहले उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास तीसा का भी दौरा किया। यहां उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और उन्हें शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया ताकि वे अपने भविष्य का सफल निर्माण कर सकें।इस अवसर पर उपमंडल दंडाधिकारी नागरिक चुराह अंकुर ठाकुर, खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार, तहसीलदार आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।