ऑनलाइन ऑर्डर की गई संदिग्ध दवाओं पर छापा, 4000 प्रेगाबालिन कैप्सूल जब्त

चंबा, 03 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के कोटी क्षेत्र में संदिग्ध दवाओं की ऑनलाइन डिलीवरी की गुप्त सूचना के आधार पर बीते कल ड्रग्स इंस्पेक्टर चंबा और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) कांगड़ा यूनिट, चंबा की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कोटी स्थित ईकार्ट डिलीवरी कोरियर सेवा कार्यालय में औचक छापा मारा और मौके पर 4000 प्रेगाबालिन कैप्सूल एवं 490 पेरासिटामोल टैबलेट बरामद कीं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 46,000 रुपये आंकी गई है।टीम को जांच के दौरान यह संदेहास्पद दवाएं बिना किसी वैध बिल अथवा डॉक्टर के पर्चे के पाई गईं। यह एक गंभीर कानूनी उल्लंघन माना गया, जिसके चलते समस्त दवाएं मौके पर ही जब्त कर ली गईं।

ड्रग्स कंट्रोल प्रशासन, चंबा द्वारा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 की धारा 18(सी) एवं 18(बी) के तहत मामला पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई आरंभ कर दी गई है।ड्रग्स इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रेगाबालिन जैसी नियंत्रित औषधियों का इस प्रकार से बिना लाइसेंस और वैध प्रक्रिया के माध्यम से मंगवाया जाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे सार्वजनिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इन दवाओं का दुरुपयोग नशे के तौर पर किया जा सकता है, जिससे समाज में नशाखोरी की समस्या और बढ़ सकती है ड्रग इंस्पेक्टर चंबा लवली ठाकुर ने आम जनमानस को चेताया है कि कोई भी व्यक्ति नशीली या नियंत्रित दवाओं की खरीद-फरोख्त वैध दस्तावेजों और नियमों के तहत ही करें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। इस पर विभाग ने जिला में ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनियों को उचित दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि ऑनलाइन नशीली दवाओं की खरीद फरोख्त पर अंकुश लगाया जा सके।