नशे के खिलाफ चंबा पुलिस के एसआईयू दल को बड़ी सफलता, 316 ग्राम चरस सहित स्थानीय युवक गिरफ्तार

चंबा, 28 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत चंबा पुलिस को बीती रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसआईयू पुलिस दल, जिसकी अगुवाई मुख्य आरक्षी परमेश शर्मा कर रहे थे, गश्त के दौरान एनएच-154ए भरमौर-चंबा मुख्य मार्ग पर मैहला पुल के समीप पहुंचा। इसी दौरान पुलिस ने देखा कि रेन शेल्टर के पास खड़ा एक युवक पुलिस वाहन को देखकर घबराते हुए छिपने की कोशिश करने लगा। पुलिस को युवक की हरकतें संदिग्ध लगीं और मौके पर वाहन रोककर पूछताछ की गई।पुलिस द्वारा जब देर रात यहां खड़े होने का कारण पूछा गया तो युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। शक के आधार पर पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से कुल 316 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में ले लिया। युवक की पहचान 24 वर्षीय राहुल कुमार पुत्र प्रेम राज निवासी गांव सद्रोथा, डाकघर सुनारा, उप-तहसील धरवाला, जिला चंबा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सदर चंबा में मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि नशे के खिलाफ चंबा पुलिस का विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसमें जनता का सहयोग भी मिल रहा है और इसी सहयोग की बदौलत पुलिस को कई मामलों में सफलता प्राप्त हुई है।एसपी चंबा ने कहा कि जिले में नशा समाज के लिए एक बड़ी चुनौती है और इसे जड़ से समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी लोग पुलिस का सहयोग बनाए रखेंगे और नशे के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाने में साझेदार बनेंगे।