चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा ने खजियार पंचायत के भथली गांव में किया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

चंबा, 24 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा 24 जुलाई को उपमंडल चंबा की खजियार पंचायत के गांव भथली में एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जागरूकता फैलाना था।कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर विक्की जरयाल और केस वर्कर लविंदर कुमार ने उपस्थित बच्चों और महिलाओं को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सेवा पूरी तरह से निःशुल्क है और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या में तुरंत सहायता प्रदान करती है।

इस मौके पर बच्चों और अभिभावकों को बताया गया कि 1098 सेवा के माध्यम से नशे की लत, बाल मजदूरी, बाल विवाह, मानसिक या शारीरिक शोषण, घरेलू हिंसा, स्कूल छोड़ चुके, मानसिक रूप से अक्षम और अनाथ बच्चों को मदद प्रदान की जाती है। साथ ही यह भी बताया गया कि यदि किसी बच्चे को सोशल मीडिया, ब्लैकमेलिंग, या बहलाने-फुसलाने जैसी गतिविधियों के जरिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है तो इसे अनदेखा न किया जाए।बाल तस्करी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और नशे की प्रवृत्तियों से बच्चों को बचाने के लिए अभिभावकों को बच्चों से संवाद बनाए रखने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को यह आश्वासन भी दिया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन में दी गई संवेदनशील जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और सूचनाकर्ता की पहचान उजागर नहीं की जाती।इस जागरूकता कार्यक्रम में 14 महिलाएं और 4 बच्चे उपस्थित रहे।