भरमौर में स्कूली बच्चों का विरोध प्रदर्शन, विधायक डॉ. जनक राज ने जताई चिंता

भरमौर/चम्बा, 22 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के बच्चों द्वारा शिक्षकों की कमी को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन ने सरकार की शिक्षा नीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूली छात्राओं के हाथों में प्लेकार्ड्स और नारों के साथ किया गया यह प्रदर्शन प्रदेश सरकार की लापरवाही का प्रतीक बन गया है।विधायक डॉ. जनक राज ने इस स्थिति पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मासूम बच्चे, जो भविष्य के निर्माता हैं, उन्हें शिक्षा के अधिकार के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भरमौर जैसे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्र में पहले से ही शिक्षा व्यवस्था कमजोर है और अब शिक्षकों की कमी ने हालात और बिगाड़ दिए हैं।डॉ. जनक राज ने बताया कि उन्होंने बार-बार विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया है लेकिन कांग्रेस सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत शिक्षकों की नियुक्ति, स्टाफ की पूर्ति और शिक्षा बजट का सही उपयोग नहीं किया तो यह आंदोलन और तेज हो सकता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से तुरंत हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि भाजपा हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।