समलेऊ (खैरी) बाबा लखदाता छिंज मेला कमेटी की बैठक सम्पन्न, मेला समारोह में सीमित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय

समलेऊ (खैरी)बाबा लखदाता छिंज मेला कमेटी की बैठक सम्पन्न, मेला समारोह में सीमित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय

डलहौजी/चम्बा, 7 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)


आज बाबा लखदाता छिंज मेला कमेटी समलेऊ (खैरी)की महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष राज कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उपस्थित समस्त कमेटी सदस्यों ने प्रदेश में हाल ही में आई भीषण आपदा को ध्यान में रखते हुए इस बार छिंज मेले को विशेष रूप से सरल व सीमित रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश एवं जिले में आई भारी त्रासदी के कारण इस बार मेला आयोजन में केवल शोभायात्रा, काली माता मंदिर एवं बाबा लखदाता मंदिर में पूजा-अर्चना जैसी धार्मिक रस्मों का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बच्चों की कुश्ती प्रतियोगिता भी परंपरा के अनुरूप बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित की जाएगी। लेकिन अन्य भव्य आयोजन, झांकियां, मनोरंजन कार्यक्रम व बड़े स्तर पर आयोजित गतिविधियाँ इस वर्ष नहीं की जाएंगी, ताकि संकटग्रस्त क्षेत्र के पुनर्निर्माण में ध्यान केंद्रित किया जा सके।

बैठक में विशेष रूप से मेला कमेटी के मुख्य सलाहकार सुरेश शर्मा, रोशन लाल ठाकुर, दर्शन ठाकुर, मेला कमेटी के प्रधान नरेंद्र शर्मा, मनोज कुमार, पवन कुमार, राज कुमार, मनोहर लाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और अपनी महत्वपूर्ण सलाह एवं सुझाव भी दिए। सभी ने आपदा प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए मेला आयोजन को सादगीपूर्ण और अर्थपूर्ण तरीके से संपन्न करने पर सहमति व्यक्त की।

राज कुमार शर्मा ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में समाज की एकता, परंपरा व संस्कृति को बनाए रखते हुए संवेदनशीलता का परिचय देना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि मेला आयोजन की सारी तैयारियां सुरक्षित व शांतिपूर्ण माहौल में की जाएंगी ताकि हर वर्ग के लोग श्रद्धा भाव से भाग ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!