चुवाड़ी में बनेगा मिनी सचिवालय भवन: विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

भटीयात/चुवाडी़ 25 मई बबलू पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चुवाड़ी में मिनी सचिवालय भवन के निर्माण की घोषणा करते हुए बताया कि इसके लिए परियोजना प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। उन्होंने आज नगर पंचायत चुवाड़ी में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पार्किंग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, नगर पंचायत कार्यालय एवं ओपन एयर टेरेस रेस्टोरेंट के संयुक्त भवन का शिलान्यास किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के कस्बों जैसे सियुन्ता, ककीरा, जरई, समोट और टुंडी में शहरी सुविधाएं जैसे मल निकासी, पेयजल और विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुवाड़ी को एक आदर्श कस्बे के रूप में विकसित किया जा रहा है और इसके लिए नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि चुवाड़ी में सिविल कोर्ट और विद्युत बोर्ड का मंडल कार्यालय खोलने की योजना है। साथ ही, भटियात क्षेत्र की वन संपदा को देखते हुए वन मंडल अधिकारी (DFO) कार्यालय भी जल्द खोला जाएगा।
जल शक्ति विभाग द्वारा मल निकासी योजना पर 19 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिन्हें मानसून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 26 करोड़ की लागत से पेयजल योजना का 30% कार्य पूर्ण हो चुका है और आगामी 30 वर्षों की पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 40 करोड़ की नई परियोजना का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

कार्यक्रम में एसडीएम पारस अग्रवाल, डीएसपी योगेश्वर सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित रहे। SDM ने चुवाड़ी में ट्रैफिक लाइट्स एवं डंपिंग साइट विकास की जानकारी साझा की।