चम्बा में स्वास्थ्य विभाग की मासिक बैठक आयोजित, टीबी उन्मूलन और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर रहा विशेष जोर

चम्बा, 23 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चम्बा द्वारा आज जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महिलाओं और बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई। डॉ. महाजन ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA), आयुष्मान शिविर, टेली कंसल्टेशन, आईएफए पिंक टैबलेट, बीपीएचयू, यू-विन, एचएमआईएस, आरसीएच पोर्टल सहित विभिन्न योजनाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जन आरोग्य समितियों की नियमित मासिक बैठकें सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने बताया कि टीबी अधिसूचना और उपचार सफलता दर में सुधार के लिए हर मरीज का मासिक जोखिम मूल्यांकन आवश्यक है। निक्षय पोषण योजना की राशि बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी गई है, जिसका समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिसंबर से टीबी स्क्रीनिंग अभियान 45 संवेदनशील जनसंख्या समूहों में चल रहा है।उन्होंने बताया कि “प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत कोई भी व्यक्ति या संस्था टीबी रोगियों को गोद लेकर उन्हें छह माह तक पोषण सहायता दे सकता है। इसके लिए नि-क्षय मित्र पोर्टल पर पंजीकरण आवश्यक है।

बैठक में डॉ. वैभवी, डॉ. करन हितेषी, डॉ. एच. पी. सिंह, डॉ. नवदीप राठौर, डॉ. शाम लाल सहित अन्य अधिकारी और स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मौजूद रहे।