सिहुंता में बनेगा बहुउद्देशीय व्यवसायिक परिसर, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य: कुलदीप सिंह पठानिया

भटीयात/चुवाडी़, 10 जून बबलू पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि चुवाड़ी उपमंडल के प्रमुख कस्बे सिहुंता में एक करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देशीय व्यवसायिक परिसर का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह घोषणा सिहुंता में आयोजित छिंज मेले में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए की।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना की विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं और कार्य शीघ्र आरंभ होगा। साथ ही उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

पठानिया ने कहा कि सिहुंता क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के तहत जल शक्ति विभाग द्वारा 32 करोड़ रुपये की लागत से मल निकासी योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मेला ग्राउंड को पक्का करने और उसके सौंदर्यकरण के लिए आवश्यक धनराशि प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने कहा कि मेले, उत्सव और त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं, जो समाज में भाईचारे और मेलजोल को बढ़ावा देते हैं। भटियात क्षेत्र में धार्मिक और साहसिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। इस दिशा में सड़क नेटवर्क का विस्तार एक विशेष कार्य योजना के अंतर्गत किया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 तक भटियात क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे क्षेत्र में ट्रैक टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर मजबूत हो रही हैं, जिससे लोगों का रुझान पुनः गांवों की ओर बढ़ रहा है।
चुवाड़ी में प्रस्तावित मल्टी खेल स्टेडियम के निर्माण को भी शीघ्र शुरू करने की जानकारी देते हुए उन्होंने युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता जताई।

छिंज मेले में कुश्ती मुकाबलों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्सव का आनंद लिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।