ग्राम पंचायत नैनीखड के परवीन ठाकुर बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, साईं पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य सम्मान

डलहौजी/चम्बा 18 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला की ग्राम पंचायत नैनीखड्ड के गांव टिकरी निवासी परवीन ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। अपनी सफलता की खुशी साझा करने तथा अपने शिक्षकों से आशीर्वाद लेने के उद्देश्य से लेफ्टिनेंट परवीन ठाकुर आज साईं पब्लिक स्कूल नैनीखड्ड पहुंचे, जहां संस्थान की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लेफ्टिनेंट परवीन ठाकुर का अभिनंदन किया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्रों और शिक्षकों में लेफ्टिनेंट परवीन ठाकुर से रूबरू होने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट परवीन ठाकुर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और साईं पब्लिक स्कूल नैनीखड्ड के गुरुजनों को दिया।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था। उन्होंने विद्यालय के छात्रों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और गुरुजनों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रबंधक सुभाष साहिल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि परवीन ठाकुर शुरू से ही कुशाग्र बुद्धि के विद्यार्थी रहे हैं। उनमें अनुशासन, समय पालन और मेहनत करने का गुण बचपन से ही मौजूद था। अध्यापकों द्वारा दिए गए प्रत्येक कार्य को जिम्मेदारी से पूरा करना उनकी आदत रही, जिसका परिणाम आज उनकी इस बड़ी सफलता के रूप में सामने आया है।