प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ज़िला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ज़िला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित

15 जुलाई तक मक्की और धान के लिए उपलब्ध रहेगा बीमा कवर

चंबा, 30 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ सीजन-2025 के लिए ज़िला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक सोमवार को उपायुक्त कार्यालय चंबा के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की।बैठक के दौरान उपायुक्त ने जानकारी दी कि मक्की और धान की फसलों के लिए बीमा कवर 15 जुलाई 2025 तक उपलब्ध रहेगा। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे समय पर आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाएं। साथ ही, उन्होंने संबंधित बीमा कंपनियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ने के लिए सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाए।उपायुक्त ने कृषि विभाग द्वारा तैयार की गई कार्य योजना की समीक्षा करते हुए बीमा कंपनियों, बैंकों और विभागीय अधिकारियों को सामूहिक रूप से जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने रबी-खरीफ सीजन 2024 के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड धारकों से बीमा प्रीमियम नहीं काटने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, कैनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब एंड सिंध बैंक के स्थानीय प्रबंधन से जवाब मांगा है।इसके साथ ही, उन्होंने हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक और राज्य सहकारी बैंक को निर्देश दिए कि वे उन किसानों की सूची तैयार करें जिन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड तो लिया है लेकिन प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ नहीं उठाया।बैठक में उपनिदेशक कृषि डॉ. भूपेंद्र कुमार ने बताया कि रबी फसल 2024-25 में 6803 किसानों की 1350 हेक्टेयर भूमि पर गेहूं और जौ की फसल को बीमा सुरक्षा दी गई, जिसके तहत करीब 12.14 लाख रुपये की बीमा राशि का भुगतान प्रक्रिया में है।

इसके अतिरिक्त, 150 से अधिक जागरूकता शिविरों और 32 किसान पाठशालाओं के आयोजन की योजना भी बनाई गई है।बैठक में जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, जिला विकास अधिकारी ओपी ठाकुर, अग्रणी बैंक प्रबंधक डीसी चौहान, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राकेश कुमार सहित विभिन्न बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!