नूरपुर पुलिस की कार्रवाई,एनआई एक्ट मामले में वांछित महिला अपराधी भुंतर से गिरफ्तार

नूरपुर पुलिस की कार्रवाई,एनआई एक्ट मामले में वांछित महिला अपराधी भुंतर से गिरफ्तार

कुल्लू 24 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर के पी.ओ. (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने थाना डमटाल में दर्ज एक मामले में वांछित उद्घोषित अपराधी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान अतिंदर कौर निवासी भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। वह लंबे समय से एन.आई. एक्ट की धारा 138 (चेक बाउंस से संबंधित मामला) के तहत दर्ज केस में फरार चल रही थी और अदालत द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था। पुलिस द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी।पी.ओ. सेल नूरपुर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए बीते दिन कुल्लू जिले के भुंतर क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान आरोपी महिला को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार इसकी सूचना उनके परिजनों, विशेषकर उनके पति को दे दी गई है।पुलिस ने आरोपी महिला को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए थाना डमटाल के सुपुर्द कर दिया है, जहां से उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग की सतर्कता और तत्परता का परिणाम माना जा रहा है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति या फरार अपराधी की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!