डलहौज़ी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

डलहौज़ी/चम्बा 5 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आज एसडीएम डलहौज़ी अनिल भारद्वाज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले समारोह की रूपरेखा तय करने और जिम्मेदारियां सौंपने के उद्देश्य से बुलाई गई थी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, स्थानीय स्कूलों के शिक्षकों व अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक में एसडीएम अनिल भारद्वाज ने जानकारी दी कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह डलहौज़ी के ऐतिहासिक सुभाष चौक में भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे समयबद्ध रूप से सभी तैयारियां पूरी करें, ताकि समारोह में किसी भी प्रकार की कोई कमी न रह जाए।कार्यक्रम की विशेषताओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को जीवंत बनाएंगे। इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों द्वारा एक रैली भी निकाली जाएगी।स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या यानी 14 अगस्त को “पेड़ माँ के नाम” थीम पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसी दिन एक भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा, जो तीन आयु वर्गों—0 से 16 वर्ष, 16 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से ऊपर—में संपन्न होगी।

यह दौड़ सुभाष बावली से शुरू होकर ठंडी सड़क, सुभाष चौक, पतरैणी रोड व गर्म सड़क से होती हुई गांधी चौक में समाप्त होगी।एसडीएम अनिल भारद्वाज ने क्षेत्रवासियों से इस मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने यह भी बताया कि दौड़ के विजेताओं को 15 अगस्त के मुख्य समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा।बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों और प्रतिनिधियों से कहा कि सौंपे गए कार्यों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ तय समय सीमा में पूरा करें, ताकि यह राष्ट्रीय पर्व पूरे सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न हो सके।
