नगरोटा में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार, 5 करोड़ की लागत से बनेगा गर्ल्स हॉस्टल – रोहित ठाकुर

नगरोटा में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार, 5 करोड़ की लागत से बनेगा गर्ल्स हॉस्टल – रोहित ठाकुर

कांगड़ा 26 जुलाई चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को नगरोटा कॉलेज में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में प्रदेश के 850 संस्थानों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।उन्होंने बताया कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के कबाड़ी में भी राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल की स्थापना की जाएगी, जिस पर 5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

इन स्कूलों में बच्चों के समग्र विकास के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी और सहशैक्षिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि सरकार ने परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की है, जिसके तहत छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए 1 प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का ऋण दिया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना के तहत विधवा, निराश्रित और विकलांग महिलाओं के बच्चों को शिक्षा और कल्याण के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है।इसके उपरांत रोहित ठाकुर ने गांधी ग्राउंड में आयोजित बाल मेले का शुभारंभ किया और प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए।

इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि स्व. जीएस बाली ने नगरोटा को शिक्षा हब बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र काकु, तिलक राज शर्मा, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा और मेला कमेटी अध्यक्ष चौधरी मान सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!