पिज्जा चीज़ निर्माण का निःशुल्क प्रशिक्षण देगी पशुपालन विभाग :-उपायुक्त अनुपम कश्यप
16 अगस्त से शिमला के उपमंडलों में शुरू होगा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

शिमला, 30 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)
शिमला जिला में पशुपालकों को स्वरोजगार और दुग्ध उत्पादों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पशुपालन विभाग ने एक नई पहल की है। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने जानकारी दी कि पिज्जा में इस्तेमाल होने वाले चीज़ के निर्माण के लिए 16 अगस्त से जिला के सभी उपमंडलों में निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

बचत भवन में आयोजित एक कार्यशाला में उपायुक्त ने कहा कि फिलहाल पिज्जा चीज़ का आयात अन्य जिलों से किया जा रहा है, जबकि शिमला में इसके निर्माण की संभावनाएं हैं। इस प्रशिक्षण से स्थानीय स्तर पर उत्पादन शुरू हो सकेगा और ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रशिक्षण उपमंडल स्तर पर दिया जाएगा, जबकि उत्कृष्ट प्रतिभागियों को आगे जिला स्तरीय विशेष प्रशिक्षण भी मिलेगा।कार्यशाला में अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालकों की भूमिका को अहम बताया और विभागीय स्टाफ को निर्देश दिए कि पशुओं के स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की लापरवाही न हो।

उपनिदेशक डॉ. नीरज मोहन समेत अन्य विशेषज्ञों ने भी इसमें भाग लिया।भारत में पशुपालन का जीडीपी में 5.5% योगदान है और यह ग्रामीण आजीविका का मजबूत आधार है। हिमाचल में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 640 ग्राम प्रतिदिन है।कार्यशाला में पशुपालन क्षेत्र की चुनौतियों जैसे कम उत्पादकता, खराब आनुवंशिक गुणवत्ता, मार्केट लिंकेज और रोग नियंत्रण पर चर्चा हुई।

समाधान स्वरूप आईओटी, स्मार्ट कॉलर, ब्लॉकचेन तकनीक, जैव सुरक्षा, ड्रोन निगरानी, डेयरी इन्फ्रास्ट्रक्चर उन्नयन और प्रशिक्षण जैसे उपायों पर जोर दिया गया है। विभाग का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्र की आय में वृद्धि और पशुपालन को आत्मनिर्भर बनाना है।