चम्बा में 22 व 23 सितम्बर को आयोजित होगा “पर्पल फेस्ट” दिव्यांगजनों की प्रतिभा और अधिकारों को मिलेगा मंच

चम्बा, 6 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
दिव्यांगजनों की क्षमताओं, प्रतिभा और अधिकारों को मंच प्रदान करने तथा समावेशी समाज की दिशा में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “पर्पल फेस्ट” का आयोजन आगामी 22 व 23 सितम्बर 2025 को जिला चम्बा मुख्यालय के पुलिस ग्राउंड (बार्गा ) में किया जाएगा।इस दो दिवसीय उत्सव की जानकारी देते हुए समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र (सी.आर.सी.), सुंदरनगर के डॉ. राकेश कुमार अवस्थी ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPWD) के दिशा-निर्देशों के तहत किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण, जागरूकता और समावेशिता को बढ़ावा देना है।फेस्ट के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, व्हीलचेयर बास्केटबॉल, दिव्यांगजन क्रिकेट, एथलेटिक्स जैसी खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही कार्यशालाएं, सेमिनार, पैनल चर्चाएं और प्रेरक व्यक्तित्वों के संवाद कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर दिव्यांगजन अधिकारों और सेवाओं से संबंधित एनजीओ और संस्थानों द्वारा लगाए गए इंटरैक्टिव स्टॉल भी मुख्य आकर्षण होंगे।पर्पल फेस्ट में दिव्यांगजन, उनके देखभालकर्ता, गैर-सरकारी संगठन, शैक्षणिक संस्थान, प्रशासनिक अधिकारी और आम जन भाग ले सकेंगे। यह उत्सव न केवल दिव्यांगजनों की प्रतिभा को सामने लाएगा बल्कि समाज को अधिक समावेशी और संवेदनशील बनाने की दिशा में भी एक सार्थक प्रयास होगा।