उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने ग्राम पंचायत बाट में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

चंबा, 27 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने आज विकासखंड मैहला की ग्राम पंचायत बाट का दौरा कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बाट और सरा के विभिन्न गांवों में जाकर प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन आपदा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उपायुक्त ने एसडीएम चंबा एवं खंड विकास अधिकारी मैहला को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों का त्वरित सर्वेक्षण कर वास्तविक नुकसान का आंकलन शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि राहत और पुनर्वास कार्यों को गति दी जा सके। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कदम तुरंत उठाने के भी निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्राम बाट स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक पाठशाला का भी जायज़ा लिया, जो आपदा के चलते क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

उन्होंने निर्देश दिए कि क्षति का आकलन शीघ्रता से पूर्ण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि पुनर्निर्माण एवं मुरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू किए जा सकें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था तुरंत लागू की जाए।इस अवसर पर एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती, खंड विकास अधिकारी बशीर खान, जिला परिषद सदस्य मनोज कुमार, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

उपायुक्त का यह दौरा प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास कार्यों के प्रति प्रशासन की गंभीरता और तत्परता का स्पष्ट संदेश देता है।