समाज के हर वर्ग को कानूनों के प्रति जागरूक करना आवश्यक :- न्यायाधीश मदन कुमार
डिग्री कॉलेज रामपुर में विशाल विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन

शिमला 02 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
रामपुर बुशहर में आज रविवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, किन्नौर के सहयोग से डिग्री कॉलेज रामपुर के सभागार में विशाल विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायाधीश मदन कुमार, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ने बतौर मुख्यातिथि और न्यायाधीश रणजीत सिंह, सदस्य सचिव राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और अपने संबोधन में कहा कि समाज के हर वर्ग को कानूनों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कानून केवल समाज के संचालन का माध्यम नहीं, बल्कि समानता और न्याय का प्रतीक है। यदि व्यक्ति अपने कानूनी अधिकारों से अनजान रहेगा, तो वह शोषण के खिलाफ आवाज नहीं उठा पाएगा। उन्होंने नशा मुक्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा समाज की जड़ें कमजोर कर रहा है और इसके खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है।कार्यक्रम में विकेश कुमार कोचर, उप मुख्य कानूनी सहायता रक्षा वकील, ने बताया कि विधिक साक्षरता शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों और कानूनी सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। न्यायाधीश जितेंद्र कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ने सभी अतिथियों का स्वागत और आभार प्रकट किया।शिविर में कॉलेज छात्रों ने नशा मुक्त समाज विषय पर लघु नाटिका प्रस्तुत की, साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नेहा दहिया ने POCSO एक्ट की जानकारी दी, जबकि एसएचओ आशीष कौशल ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। तनुजा ठाकुर, अधिवक्ता बार एसोसिएशन रामपुर ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार रखे।