हँगोई गांव में घास काटते समय सांप ने युवती को डसा, टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर

सलूणी/चम्बा 11 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत भड़ेला के हँगोई गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मंगलवार को खेत में घास काटते समय 22 वर्षीय युवती खेमो देवी को सांप ने डस लिया। खेमो देवी, जो चतर सिंह की पुत्री हैं, अपने घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान घास में छिपे एक विषैले सांप ने उसके हाथ पर काट लिया।सांप के डसने के बाद युवती किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को इस बारे में जानकारी दी। जैसे ही यह खबर परिजनों को मिली, घर में हड़कंप मच गया। खेमो की तबीयत बिगड़ती देख परिजन उसे तत्काल निजी वाहन से चंबा मेडिकल कॉलेज ले गए।

जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रैफर कर दिया।खेमो के पिता चतर सिंह ने बताया कि सांप के काटने के बाद उनकी बेटी के हाथ और बाजू में अत्यधिक सूजन आ गई है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक हो गई थी। उन्होंने कहा कि समय पर इलाज मिलने से स्थिति काबू में है, लेकिन अब भी वह टांडा अस्पताल में उपचाराधीन है।यह घटना एक बार फिर से ग्रामीण क्षेत्रों में घास काटते समय बरती जाने वाली सावधानियों की आवश्यकता को रेखांकित करती है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से ग्रामीणों ने अपील की है कि ऐसे मामलों में त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए, जिससे समय रहते जीवन की रक्षा की जा सके।