उप मुख्यमंत्री ने 21.12 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन

उप मुख्यमंत्री ने 21.12 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास व उद्घाटन

चंबा, 13 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को चंबा ज़िला के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में 21 करोड़ 12 लाख रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। अपने एकदिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने बनीखेत कस्बे में 6 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित बनीखेत नाला बाढ़ नियंत्रण कार्य का शिलान्यास किया तथा माता भलेई मंदिर परिसर में 15 करोड़ 66 लाख रुपये की धनराशि से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया।

अग्निहोत्री ने बताया कि पेयजल योजना से ब्रंगाल, भलेई, वांगल, ओहरा, सिमणी और कंगेड सहित 30 गांवों की 133 बस्तियों को प्रतिदिन 13 लाख लीटर स्वच्छ पेयजल मिलेगा। वहीं, बनीखेत नाला परियोजना के तहत 815 मीटर आईसीसी चैनल, स्टोन फिलिंग तथा अन्य संरचनात्मक कार्य किए जाएंगे, जिससे नगर पंचायत बनीखेत व ग्राम पंचायत ढलोग की लगभग 13 करोड़ रुपये की संपत्ति को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी।इस अवसर पर उन्होंने भुरू नाग मंदिर सराय भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की और भद्रकाली भलेई माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिफ्ट या रोपवे निर्माण की संभावनाओं पर विचार का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद कर समस्याएं सुनीं और अधिकांश का समाधान मौके पर ही किया। उन्होंने भुरू नाग मंदिर व भलेई माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना भी की।पत्रकार वार्ता में घोषणाएंबनीखेत में आयोजित पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री ने बताया कि डलहौजी में जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय खोलने पर विचार चल रहा है।

डलहौजी की पेयजल योजना का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है और दिसंबर तक इसका लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड डलहौजी के निर्माण के लिए विभागीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। साथ ही, बनीखेत कस्बे के लिए मल निकासी योजना का विस्तृत प्रस्ताव अनुमोदन हेतु भेज दिया गया है।इस अवसर पर विधायक डीएस ठाकुर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, ठाकुर सिंह भरमौरी, कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!