चम्बा में नशे का बड़ा खुलासा: भरियां गांव की दुकान से चिट्टा और नकदी बरामद, दुकानदार गिरफ्तार

चम्बा में नशे का बड़ा खुलासा: भरियां गांव की दुकान से चिट्टा और नकदी बरामद, दुकानदार गिरफ्तार

चम्बा, 13 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत बीते कल चम्बा जिले के भरियां गांव में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान से 27.94 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 2 लाख 29 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई सुल्तानपुर पुलिस चौकी की टीम द्वारा चम्बा-जोत-चुवाड़ी मार्ग पर नियमित गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि अरविंद कुमार नामक व्यक्ति अपनी भरियां स्थित दुकान में नशे का कारोबार करता है।

सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान से 27.94 ग्राम चिट्टा और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ सदर थाना चम्बा में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक चम्बा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से पुलिस उसकी रिमांड की मांग करगी ताकि उससे और जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस को शक है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े नशा गिरोह से हो सकता है और जांच के दौरान और खुलासे संभव हैं।पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि युवाओं को नशे के दलदल से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!