सरकार बहाने बना रही, विपक्ष तमाशा देख रहा मरीज बेबस हैं – सोनू ठाकुर

डलहौजी/ चम्बा 23 जून मुकेश कुमार ( गोल्डी)
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सोनू ठाकुर ने आज एक गंभीर प्रेस बयान जारी करते हुए चंबा जिला की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चंबा जिले की हालत इतनी दयनीय और शर्मनाक हो चुकी है कि पूरे जिले में सिर्फ एक अल्ट्रासाउंड मशीन काम कर रही है, और वो भी जिला मुख्यालय चंबा में! सोनू ठाकुर ने कहा कि चंबा की पाँचों विधानसभा क्षेत्रों के हज़ारों लोगों को सिर्फ एक साधारण जांच के लिए महीनों तक इंतजार करना पड़ता है, और फिर खराब सड़कों और दूरदराज के पहाड़ी रास्तों से जूझते हुए चंबा पहुँचना पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही है 21वीं सदी में स्वास्थ्य सेवा का मॉडल?उन्होंने कहा, “सरकारें आती रहीं, जाती रहीं – लेकिन चंबा को सिर्फ ‘तारीख पे तारीख’ ही मिली है। कांग्रेस सरकार पैसों की कमी का रोना रो रही है, जबकि बीजेपी के विधायक मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर जश्न मना रहे हैं, “क्या एक पिछड़े जिले में सिर्फ एक अल्ट्रासाउंड मशीन होना मोदी जी के 11 साल की विकास यात्रा की उपलब्धि है?” कांग्रेस के आने के बाद भी हालात जस के तस हैं – कहीं डॉक्टर नहीं, कहीं दवा नहीं, कहीं मशीनें ही खराब पड़ी हैं।दर्द इस बात का नहीं कि सुविधाएं नहीं हैं, दर्द इस बात का है कि जिन्हें जिम्मेदारी निभानी थी, उन्होंने मुंह फेर लिया। कांग्रेस बजट का रोना रो रही है, और बीजेपी विपक्ष में बैठकर मोदी के 11 साल पूरे होने पर ताली बजा रही है। क्या यही है जनसेवा का मॉडल?आम आदमी पार्टी की माँगें: प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तुरंत अल्ट्रासाउंड मशीन और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध कराया जाए। सीएचसी और पीएचसी में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाए और आवश्यक दवाइयों की नियमित आपूर्ति हो।उन्होंने कहा, “अब बहुत हो चुका है। चंबा की जनता ने कांग्रेस और बीजेपी – दोनों से वादे ही सुने हैं। लेकिन अब आम आदमी पार्टी खामोश नहीं रहेगी। अगर सरकार और विपक्ष अपनी जिम्मेदारियों से मुँह मोड़ते रहेंगे, तो हम हर गाँव, हर गली, हर पंचायत में जाकर जनता की आवाज़ बुलंद करेंगे। अब हमें सिर्फ तारीखें नहीं चाहिए, हमें इलाज भी चाहिए और इंसाफ भी!”