सेब पौध खरीद में घोटाला: तत्कालीन बीडीओ तीसा निलंबित, जांच में कई खुलासों की संभावना

चुराह/तीसा 17 अप्रैल दिलीप सिंह ठाकुर
चंबा जिले के तीसा विकास खंड की सनवाल पंचायत में सेब के पौधों की खरीद-फरोख्त में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस गंभीर मामले में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सचिव ने तत्कालीन बीडीओ तीसा मनीष कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वर्तमान में मनीष कुमार भटियात विकास खंड में तैनात थे। निलंबन के बाद उनका मुख्यालय शिमला स्थानांतरित कर दिया गया है और आगामी आदेशों तक उन्हें मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।इससे पहले पंचायत प्रधान को भी इस मामले में निलंबित किया गया था, हालांकि उन्होंने अदालत से स्टे प्राप्त कर लिया था। सनवाल पंचायत में करीब सवा करोड़ रुपए की लागत से 48,000 सेब के पौधे लगाए जाने थे, लेकिन मौके पर केवल 19,000 पौधे ही पाए गए। इसके अलावा पौधों की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल उठे हैं।

पुलिस द्वारा की जा रही जांच में खुलासा हुआ है कि पौधे लगाने वाले लगभग 200 लोगों से पूछताछ की जा रही है। इन्हें पुलिस थाना तीसा में बुलाकर बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूछताछ के उपरांत पुलिस इन लोगों की जमीन की माप कर यह सत्यापित करेगी कि जिन लोगों ने जितने पौधे लिए थे, क्या वास्तव में उतने पौधे लगाए भी गए हैं या नहीं।इस घोटाले में शामिल वर्तमान और पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि एक पूर्व पंचायत प्रतिनिधि के परिवार के बैंक खाते में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का संदिग्ध लेन-देन हुआ है।पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस घोटाले में कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पंचायत स्तर पर इस प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार ने सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।