पांगी घाटी में पहली बार राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह, मुख्यमंत्री ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

पांगी/चंबा 15 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह का आयोजन चंबा जिले की दुर्गम पांगी घाटी के किलाड़ में हुआ। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।

मुख्यमंत्री ने थिरोट-किलाड़ 33 केवी विद्युत लाइन के लिए 45.50 करोड़ रुपये, पांगी को प्रदेश का पहला प्राकृतिक खेती उप-मंडल घोषित कर 5 करोड़ का रिवोल्विंग फंड, और जौ के लिए 60 रुपये एमएसपी की घोषणा की। साथ ही 10 हजार लीटर क्षमता वाला दूध प्रसंस्करण संयंत्र भी स्थापित किया जाएगा।

घाटी में यातायात सुधार के लिए 20 नए बस परमिट और बसों की खरीद पर 40% उपदान की घोषणा की गई। होम-स्टे पंजीकरण पर 50% छूट और संपर्क मार्गों के लिए 1.5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने, किलाड़ अस्पताल को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाने, और सौर ऊर्जा संयंत्रों के लिए 5% ब्याज उपदान देने की बात कही। उन्होंने कृषि ऋण ब्याज अनुदान योजना की भी घोषणा की, जिससे छोटे किसानों को राहत मिलेगी।

राज्य में पहली बार आयोजित राजस्व लोक अदालतों में 2.75 लाख से अधिक मामलों का निपटारा किया गया है। स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार के लिए 1570 करोड़ रुपये की योजनाएं और विभागीय पुनर्गठन की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। समारोह जनजातीय क्षेत्र के विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुआ।
