बनीखेत में आयोजित ऐतिहासिक जिला स्तरीय आषाढ़ नाग देवता मेला: पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की

डलहौजी, 21 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा के बनीखेत स्थित पद्दर मैदान में 21 जून से प्रारंभ हुआ ऐतिहासिक जिला स्तरीय आषाढ़ नाग देवता मेला उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक मेले में भाग लेने पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है।मेले को सफलतापूर्वक संचालित करने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस प्रशासन ने आमजन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस थाना प्रभारी डलहौजी जगबीर ने जानकारी देते हुए कहा कि मेला मैदान, खैरी पुल और मुख्य बाजार क्षेत्र के दोनों ओर वाहन पार्किंग पूरी तरह से प्रतिबंधित की गई है।

उन्होंने वाहन मालिकों से आग्रह किया है कि वे 24 जून तक अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें ताकि आपात स्थिति में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा अन्य आवश्यक सेवाओं का आवागमन प्रभावित न हो।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मेला समाप्ति तक पुलिस का विशेष ट्रैफिक दल क्षेत्र में निगरानी रखेगा और लोगों को यातायात निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा।वहीं, मेला प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज ने समस्त श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को इस ऐतिहासिक आषाढ़ नाग देवता मेले की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से सहयोग की अपील की है, जिससे यह आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।