तुन्नुहट्टी चेकपोस्ट में एक मोटरसाइकिल सवार से कुल 1.56 ग्राम चिट्टा (हीरोइन) बरामद, मामला दर्ज पुलिस जांच में जुटी

भटीयात/चुवाडी़ 16 अप्रैल बबलू पठानिया
चंबा जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला चंबा के प्रवेश द्वार तुन्नूहट्टी बैरियर पर की गई, जहां पठानकोट से चम्रबा की आ रहे एक मोटरसाइकिल एचपी 48 -ए -4538 को जांच हेतु रोका गया। मोटरसाइकिल चालक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए जब उससे पूछताछ की गई, तो वह संतोषजनक उत्तर देने में असफल रहा।पुलिस ने सतर्कता के चलते जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 1.56 ग्राम चिट्टा (हीरोइन), एक चम्मच और इंजेक्शन बरामद किया। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत पुलिस थाना चुवाड़ी में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी की पहचान 30 वर्षीय मुकुल भारद्वाज पुत्र अनिल भारद्वाज, निवासी मोहल्ला बंघोटू, डाकघर चंबा, तहसील एवं जिला चंबा के रूप में हुई है। इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि डीएसपी भटियात योगराज चंदेल ने की। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह नशा विरोधी अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा।डीएसपी ने यह भी बताया कि पुलिस जवान दिन-रात मेहनत कर इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं और उन्हें निरंतर सफलता मिल रही है। चंबा पुलिस की यह कार्रवाई समाज में नशे के बढ़ते खतरे के खिलाफ एक सशक्त कदम के रूप में देखी जा रही है।