डलहौजी में खंड स्तरीय कला उत्सव धूमधाम से सम्पन्न,इस आयोजन में कई स्कूलों ने लिया हिस्सा

डलहौजी/चम्बा, 21 सितम्बर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डलहौजी में आयोजित खंड स्तरीय कला उत्सव बड़े उत्साह और सांस्कृतिक उमंग के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर खंड परियोजना अधिकारी बनीखेत प्रीतम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।कला उत्सव में विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने लोक संगीत, लोक नृत्य और पेंटिंग जैसी प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

लोक संगीत ग्रुप सॉन्ग श्रेणी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत की कृतिका एवं उनकी टीम ने शानदार प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लोक नृत्य प्रतियोगिता में भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत की सिमरन एवं उनकी टीम ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।इसके अतिरिक्त द्वि-आयामी पेंटिंग प्रतियोगिता (2D पेंटिंग) में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत की शिखा ठाकुर ने उत्कृष्ट कला कौशल का परिचय देते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों से विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई।स्थानीय विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती वंदना शर्मा ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को न केवल अकादमिक बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों में भी प्रोत्साहित करें।मुख्य अतिथि प्रीतम ठाकुर ने कहा कि कला उत्सव बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रतीक है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में अनुशासन, सृजनशीलता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति गहरी समझ विकसित होती है। उन्होंने विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और अन्य प्रतिभागियों से भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।