विधायक ने लदवाह स्कूल का किया निरीक्षण, समस्याओं के शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

डलहौजी/चम्बा 19 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की विधायक ने आज अपने क्षेत्रीय प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत लिग्गा के तहत आने वाले राजकीय प्राथमिक पाठशाला लदवाह का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों तथा बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन और स्थानीय अभिभावकों ने विधायक को विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। इनमें भवन की मरम्मत, शौचालयों की स्थिति, पेयजल सुविधा, शिक्षकों की कमी तथा खेल सामग्री की अनुपलब्धता जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।

विधायक ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राथमिक विद्यालय लदवाह में मूलभूत सुविधाओं की कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर बल दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के हर कोने तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण, विद्यालय स्टाफ और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।