ग्राम पंचायत बगढार में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित

डलहौजी/ चम्बा, 28 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
वित्तीय सेवाएं विभाग एवं भारतीय रिजर्व बैंक के संयुक्त तत्वावधान में देशभर में 1 जुलाई से 30 सितंबर तक चल रहे वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत बीते कल ग्राम पंचायत बगढार में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय योजनाओं, सेवाओं एवं डिजिटल लेन-देन से संबंधित जागरूकता प्रदान करना था।इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला स्तरीय लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) डी.सी. चुहान, बगढार शाखा प्रबंधक अधिराज तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी भी शामिल हुए।

कार्यक्रम में अनुपम किशोर ने ग्रामीणों को डिजिटल लेन-देन की उपयोगिता, सुरक्षा उपायों तथा धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी विस्तारपूर्वक दी। उन्होंने बताया कि आज के समय में डिजिटल माध्यम से वित्तीय सेवाएं आसान हुई हैं, परंतु सतर्कता बरतना भी उतना ही आवश्यक है।वहीं, एलडीएम डी.सी. चुहान ने प्रधानमंत्री जनधन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

शिविर के दौरान लगभग 40 खातों की मौके पर री-केवाईसी की गई और कई लाभार्थियों ने बीमा व पेंशन योजनाओं में नामांकन भी कराया। इस अवसर पर एसबीआई सहित अन्य बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय रूप से सहयोग किया।ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर न केवल वित्तीय साक्षरता बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि गांव-गांव तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी साबित हो रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार होते रहेंगे।
