चुराह के कंधला जंगल में भीषण आग, वन संपदा को नुकसान, ग्रामीणों और वन विभाग ने आग पर पाया काबू

चम्बा 15 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
वन परिक्षेत्र चम्बा के अंतर्गत बीती रात कंधला के समीप स्थित जंगल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वन विभाग की टीम को तुरंत मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, इस अग्निकांड से जंगल के साथ लगते गांव को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन इससे प्राकृतिक संपदा को काफी हानि हुई है।रातभर वन विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण भी आग बुझाने में जुटे रहे। उनकी सतर्कता और प्रयासों की बदौलत आग को रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने से रोक लिया गया। डीएफओ चंबा ने जानकारी देते हुए बताया कि आग पर रात को ही काफी हद तक काबू पा लिया गया था और अब स्थिति नियंत्रण में है।उन्होंने बताया कि अचानक बढ़ती गर्मी और सूखी वनस्पतियों के कारण जंगलों में आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

इसके अलावा प्राकृतिक जल स्रोतों के सूखने से स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। डीएफओ ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे आगजनी जैसी घटनाओं को लेकर सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की आग लगने की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि ऐसी परिस्थितियों में लोग स्वयं भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।यह घटना एक बार फिर इस बात की चेतावनी देती है कि जलवायु परिवर्तन और मानवीय लापरवाही किस प्रकार हमारी प्राकृतिक धरोहरों को खतरे में डाल रही है। वन विभाग और आमजन के संयुक्त प्रयास से ही ऐसी घटनाओं से प्रभावी रूप से निपटा जा सकता है।