उपमंडल तीसा के मंडून गांव में कार दुर्घटना, एक की मौत

तीसा/चुराह, 24 जुलाई दिलीप सिंह ठाकुर
चुराह उपमंडल के मंडून गांव में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बुधवार रात करीब पौने ग्यारह बजे हुआ जब स्थानीय निवासी अपने घरों में मौजूद थे। उसी दौरान जोर की आवाज सुनाई दी, जिससे कई लोग घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय निवासी और चश्मदीद सुरेन्द्र, नागपाल और हेम राज ने बताया कि आवाज सुनते ही वे बाहर आए और देखा कि लाल चन्द पुत्र राम के घर से सटे टिन शेड पर एक सफेद रंग की सैंट्रो कार (HP44-1818) गिरी हुई थी। कार को चेक करने पर उसमें कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके बाद जब पास के खेत में देखा गया तो वहां एक व्यक्ति घायल अवस्था में अचेत पड़ा मिला।

पहचान करने पर घायल व्यक्ति की पहचान खेम राज (उम्र लगभग 51 वर्ष), पुत्र श्री बृज लाल, गांव व डाकघर बोन्देड़ी, तहसील चुराह, जिला चम्बा के रूप में हुई। लोगों ने तुरंत खेम राज के भतीजे होमपाल को सूचना दी। होमपाल और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक खेम राज की मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से शव को सड़क तक लाया गया।
प्राथमिक जांच के अनुसार, मृतक खेम राज अपनी कार से तरेला से बोन्देड़ी की ओर जा रहे थे, जब यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज करके की कार्यवाही शुरू कर दी है।