तनीषा और सपना की बीए परीक्षा में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल कर बनीखेत कॉलेज को किया गौरवान्वित

डलहौजी/चम्बा 14 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय महाविद्यालय बनीखेत की दो मेधावी छात्राएं, तनीषा और सपना, ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीए द्वितीय की परीक्षा में राज्य स्तर पर उल्लेखनीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय और समस्त क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, तनीषा ने बीते वर्ष बीए प्रथम सत्र की परीक्षा में पूरे प्रदेश में 11वां स्थान प्राप्त किया था, जबकि सपना ने 14वीं रैंक हासिल किया था। लेकिन इस वर्ष बीए द्वितीय सत्र की संयुक्त मेरिट सूची जारी की गई, तो तनीषा ने पूरे प्रदेश में 10वां और सपना ने 11वां रैंक प्राप्त कर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का अद्वितीय परिचय दिया।

इन दोनों छात्राओं की उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। यह उपलब्धि केवल छात्राओं की नहीं, बल्कि राजकीय महाविद्यालय बनीखेत के संपूर्ण शैक्षणिक वातावरण, अध्यापकों की मेहनत और मार्गदर्शन का भी प्रतिफल है।कॉलेज के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकगणों ने इस सफलता पर तनीषा और सपना को बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। महाविद्यालय परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है और यह प्रेरणा का स्रोत है अन्य विद्यार्थियों के लिए भी, जो उच्च लक्ष्य को प्राप्त करना चाहते हैं।
“लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती,कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।”
इस पंक्ति को तनीषा और सपना ने अपने संकल्प और मेहनत से साकार कर दिखाया है।