सदर विधायक नीरज नैयर ने प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, राहत कार्यों का लिया जायजा

चम्बा 07 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज नैयर ने हाल ही में भारी बारिश से प्रभावित गांव पल्यूर, संगेरा, साहो, प्रोथा, कीड़ी और राजिंडू का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर उनकी समस्याओं को समझा और राहत कार्यों की समीक्षा की। विधायक नीरज नैयर ने प्रभावित लोगों के साथ अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार तथा वह व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ा है और हरसंभव मदद मुहैया कराने का प्रयास जारी है।

विधायक नीरज नैयर ने बताया कि भारी बारिश के कारण कई गांवों में बाढ़, जमीन खिसकने और घरों को नुकसान पहुँचना जैसी स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं ताकि प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर राहत सामग्री, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर राहत कार्यों के माध्यम से सभी प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी सहायता पहुँचाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है ताकि पीड़ितों को शीघ्र राहत मिल सके।

नीरज नैयर ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में एकजुट होकर काम करना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रभावित लोगों से आह्वान किया कि वे संयमित रहें और राहत कार्यों में सहयोग करें। उन्होंने यह भी व्यक्त किया कि राज्य सरकार द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास कार्यों की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है ताकि सभी लोग सुरक्षित जीवन जी सकें।विधायक ने अपने संदेश में समस्त हिमाचल प्रदेश की जनता की भलाई की कामना करते हुए कहा कि भगवान सब पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे हर संभव प्रयास करेंगे ताकि पीड़ितों को हर स्तर पर सहायता मिल सके। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
