विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, दी 1.20 लाख की तत्काल राहत

चंबा, 6 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के मेल, चुहण, तारागढ़, तैंई और समलेऊ गांवों का दौरा कर आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।विधानसभा अध्यक्ष ने आपदा प्रभावित परिवारों को एक लाख बीस हजार रुपये की तत्काल राहत राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं आपदा प्रबंधन की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और राहत व पुनर्वास कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं ताकि प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुंच सके।

पठानिया ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रशासन को पूरी सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को राहत सामग्री वितरण, सड़क, पेयजल, विद्युत और संचार सेवाओं की शीघ्र बहाली के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देने के आदेश दिए।उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और सरकार हर संभव मदद उनके द्वार तक पहुंचाना सुनिश्चित करेगी।ग्राम पंचायत समलेऊ में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने लोअर समलेऊ क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था बहाल करने, बाढ़ नियंत्रण कार्यों को गति देने तथा मुख्य बाजार में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय जल विद्युत निगम के स्थानीय प्रबंधन और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा।निरीक्षण दौरे के दौरान उनके साथ सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम चेला कृष्ण, पूर्व अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस समिति विजय कंवर, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष सुरेश शर्मा, एसडीएम अनिल भारद्वाज, अधीक्षण अभियंता दिवाकर पठानिया, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, परियोजना प्रबंधक एनएचपीसी एसके राठौर, तहसीलदार रमेश चौहान, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी और स्थानीय पंचायती राज प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और प्रभावित जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हर स्तर पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।