राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर में एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक

राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर में एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक

हमीरपुर, 20 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर में बुधवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक का आयोजन महाविद्यालय के सम्मेलन हॉल में किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता संस्थान के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने की। बैठक में विभिन्न विभागाध्यक्षों, फैकल्टी सदस्यों, छात्र प्रतिनिधियों, अभिभावकों तथा हॉस्टल एवं पीजी संचालकों ने भाग लिया।प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में रैगिंग पर रोक लगाने के लिए कड़ा कानून बनाया गया है। रैगिंग को गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में रखा गया है, जिसके दोषी विद्यार्थी को कारावास, जुर्माना तथा संस्थान से निष्कासन जैसी सख्त सजा मिल सकती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विद्यार्थी को शारीरिक अथवा मानसिक रूप से प्रताड़ित करना रैगिंग की परिभाषा में आता है।प्रधानाचार्य ने बताया कि महाविद्यालय परिसर, हॉस्टल और पीजी सहित आस-पास के क्षेत्रों में रैगिंग रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। एंटी रैगिंग कमेटी के साथ-साथ एंटी रैगिंग दस्ते भी गठित किए गए हैं। साथ ही, सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित किए गए हैं। छात्र प्रतिनिधियों से आह्वान किया गया कि वे अपनी-अपनी कक्षाओं में विद्यार्थियों को रैगिंग रोधी कानूनों के बारे में जागरूक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कमेटी को दें।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष पहली अगस्त से आरंभ हुए नए बैच में लगभग 250 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इनके लिए आयोजित एक सप्ताह के इंडक्शन कार्यक्रम में भी रैगिंग से संबंधित कानूनों एवं उपायों की जानकारी दी गई है।बैठक में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष अरविंद कटोच सहित कमेटी के अन्य सदस्यों ने भी छात्र प्रतिनिधियों, अभिभावकों और पीजी संचालकों को आवश्यक रैगिंग विरोधी उपायों की जानकारी दी। कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग के प्राध्यापक वरुण कुमार ने सभी सदस्यों का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!