उपायुक्त ने माता श्री चिंतपूर्णी श्रावण अष्टमी मेले की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ऊना, 1 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला ऊना के उपायुक्त जतिन लाल ने गुरुवार देर सायं माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में चल रहे श्रावण अष्टमी मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला स्थल पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और आयोजन की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित करने हेतु किए गए प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मेला परिसर के प्रमुख स्थलों, प्रवेश मार्गों, दर्शन पंक्ति, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का गहन अवलोकन किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई तथा आपातकालीन सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।उपायुक्त ने स्थानीय प्रशासन को मेलावधि के दौरान लगातार निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की आवश्यकता की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के पश्चात

उपायुक्त जतिन लाल ने माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने जिला वासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।इस अवसर पर एसडीएम अंब सचिन शर्मा, मंदिर अधिकारी अजय कुमार, पुलिस प्रशासन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।