राष्ट्रीय क्रीमी मुक्ति दिवस पर चंबा जिले में 95 प्रतिशत बच्चों को दी गई दवाई
मॉप-अप राउंड में छूटे बच्चों को 28 अगस्त को किया जाएगा कवर

चंबा, 21 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
राष्ट्रीय क्रीमी मुक्ति दिवस आज पूरे जिला चंबा में सफलतापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जिले में 1 से 19 वर्ष तक के कुल 1,58,845 बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इनमें से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने 1,50,208 बच्चों को दवाई खिलाई।इसके साथ ही 1 से 5 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को विटामिन ए की खुराक भी दी जानी थी। इस श्रेणी में 44,230 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य था, जिनमें से 42,100 बच्चों को सफलतापूर्वक विटामिन ए की खुराक पिलाई गई। इस प्रकार अभियान के अंतर्गत जिले की कुल कवरेज लगभग 95 प्रतिशत रही।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित मानवीय संसाधनों के चलते लगभग 5 प्रतिशत बच्चे छूट गए हैं, जिन्हें आगामी 28 अगस्त को मॉप-अप राउंड के दौरान कवर कर लिया जाएगा।उन्होंने पेट में कीड़े होने से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह समस्या बच्चों में कमजोरी, पेट दर्द, खून की कमी, पढ़ाई और काम में अरुचि जैसी दिक्कतें पैदा करती है।

इसके कारण उनका शारीरिक और बौद्धिक विकास भी प्रभावित होता है।डॉ. ठाकुर ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। बच्चों को खाना खाने से पहले और शौच जाने के बाद हाथ धोने की आदत डालें, संतुलित आहार खिलाएं और शरीर की सफाई बनाए रखें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सावधानियों से पेट के कीड़ों से बचाव संभव है और बच्चे स्वस्थ रह सकते हैं।