भटियात में 500 करोड़ से अधिक की योजनाओं का अधिकांश कार्य पूर्ण, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

भटीयात/चुवाडी़, 6 जुलाई बबलू पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध छिंज मेला चलामा में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने मेला आयोजन समिति को 51 हजार रुपये की ऐच्छिक निधि से राशि प्रदान करने की घोषणा भी की।
अपने संबोधन में कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराएं और रीति-रिवाज यहां के सामाजिक जीवन की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि मेले, उत्सव और त्योहार न केवल मनोरंजन के साधन हैं, बल्कि ये हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारा और मेलजोल को भी प्रोत्साहित करते हैं।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लोक निर्माण, जल शक्ति व अन्य विभागों की 500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही इनका लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने लोअर द्रमण से चलामा तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने का आश्वासन भी दिया।

साथ ही उन्होंने बताया कि बरसात के बाद क्षेत्र में लगभग सौ छोटे-बड़े संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और बेहतर हो सके। उन्होंने स्थानीय लोगों से सड़क निर्माण में सहयोग करते हुए स्वेच्छा से निजी भूमि को विभाग के नाम करने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष सागर गुरुंग एवं अन्य सदस्यों ने विधानसभा अध्यक्ष को शाल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और रोमांचक कुश्ती मुकाबलों का भरपूर आनंद उठाया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय कंवर, जिला महासचिव तरुण मल्होत्रा, एसडीएम पारस अग्रवाल, डीएसपी योगराज, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर, नरेंद्र चौधरी, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।