सोशल मीडिया पर हंसराज-मीना विवाद में अब कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना भी कूदे, जांच की उठाई मांग

चंबा, 5 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से वायरल हो रहे भाजपा विधायक डॉ. हंसराज और मीना के बीच जुबानी आरोप-प्रत्यारोप के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस पूरे विवाद में आज कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना भी कूद पड़े हैं। उन्होंने विधायक डॉ. हंसराज पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।बता दें कि भाजपा विधायक डॉ. हंसराज ने सोशल मीडिया पर बद्दी में कार्यरत मीना के ब्रांडेड कपड़ों और मोबाइल फोन को लेकर टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया और विधायक को चारों तरफ से आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। मामला बढ़ने पर डॉ. हंसराज ने अपने बयान को लेकर सफाई दी और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।हालांकि, विवाद यहीं थमने वाला नहीं था। मीना ने भी सोशल मीडिया पर सामने आकर वायरल ऑडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी और एक चैनल की मालिक पर सवाल उठाते हुए उसे भी इस पूरे मामले से जोड़ दिया। इससे मामला और ज्यादा पेचीदा हो गया है।वहीं, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना ने सोशल मीडिया परआज बयान जारी कर कहा कि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा महिला पर इस तरह की टिप्पणी करना न केवल असंवेदनशील है, बल्कि सार्वजनिक मर्यादा के भी खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की पूरी जांच करवाई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब यह मामला केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक रंग ले चुका है। कांग्रेस पार्टी ने मीना और उनके परिवार के साथ खड़े होने का निर्णय लेकर भाजपा विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा हाईकमान इस विवाद पर क्या कदम उठाता है। वहीं, कांग्रेस इस मुद्दे को किस हद तक आगे ले जाती है, यह आने वाला समय बताएगा। फिलहाल, सोशल मीडिया पर यह विवाद चर्चा का सबसे गर्म विषय बना हुआ है, और जनता भी इस पूरे मामले में सच्चाई जानने को उत्सुक है।