जिलाधीश चम्बा ने किया डलहौजी व बनीखेत क्षेत्र का निरीक्षण, विकास परियोजनाओं की समीक्षा

डलहौजी/ चम्बा, 13 अक्तूबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
आज जिलाधीश चम्बा ने डलहौजी उपमंडल के अंतर्गत बनीखेत व डलहौजी क्षेत्र का दौरा किया और विभिन्न विकासात्मक स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी डलहौजी, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी चम्बा, नगर परिषद डलहौजी के अधिकारी एवं कर्मचारी, साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधीश ने सबसे पहले बनीखेत बस स्टैंड के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड के निर्माण से स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा प्राप्त होगी।

इसके पश्चात् जिलाधीश ने अर्बन हॉट बनीखेत परियोजना का भी निरीक्षण किया और इसके शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए ताकि स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
इसके अतिरिक्त, जिलाधीश ने फायर स्टेशन बनीखेत के समीप स्थित नाले के चैनलाइजेशन कार्य का भी जायजा लिया और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक सुधार सुझाए। उन्होंने पधर ग्राउंड का निरीक्षण करते हुए इसके सौंदर्यीकरण और उपयोगिता बढ़ाने पर बल दिया।
डलहौजी में जिलाधीश महोदय ने होटल हिमगिरि के समीप नए बस अड्डे के निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया तथा सीवी रोड पर प्रस्तावित नई पार्किंग स्थल का भी मुआयना किया।

उन्होंने अधिकारियों को इन परियोजनाओं की विस्तृत योजना तैयार कर शीघ्र कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधीश ने कहा कि डलहौजी एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, इसलिए यहां के बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है ताकि पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।