पहाड़ी दिवस पर 3 नवम्बर को विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन :- तुकेश शर्मा

पहाड़ी दिवस पर 3 नवम्बर को विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन :- तुकेश शर्मा

चम्बा, 01 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा राज्य की समृद्ध भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष “पहाड़ी दिवस” मनाया जाता है। इसी कड़ी में जिला भाषा एवं संस्कृति कार्यालय, चम्बा द्वारा आगामी 3 नवम्बर को विभिन्न विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पहाड़ी भाषा, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता और गर्व की भावना उत्पन्न करना है।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रातः 10 बजे से आरंभ होगा। निबंध लेखन, लोकोक्तियां/मुहावरे लेखन तथा पहेली लेखन प्रतियोगिता का आयोजन बचत भवन, चम्बा में किया जाएगा। वहीं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन जिला भाषा अधिकारी कार्यालय, चम्बा स्थित रंगमहल के सम्मेलन कक्ष में संपन्न होगी।इस अवसर पर जिला चम्बा के 14 शिक्षा खंडों से लगभग 25 से 30 विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। विभाग का प्रयास है कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा और लोक संस्कृति से गहरा लगाव महसूस हो तथा वे अपनी परंपराओं को सहेजने और आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।जिला भाषा अधिकारी ने जिले के सभी विद्यालयों से आग्रह किया है कि वे अपने विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि पहाड़ी भाषा और संस्कृति के संरक्षण में सामूहिक योगदान दिया जा सके।उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी पहचान और संस्कृति की आत्मा है, और इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी में अपनी जड़ों के प्रति आत्मीयता की भावना प्रबल होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!