रावमा विद्यालय बलेरा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किए 39 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण

डलहौजी/चंबा 12 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें स्थानीय परंपराओं की झलक देखने को मिली।मुख्य अतिथि ने शिक्षा, खेल एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया तथा विद्यालय की निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार और ढांचागत विकास के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि हर वर्ग के बच्चों को समान अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में अढ़ाई वर्षों के दौरान लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के माध्यम से 260 करोड़ रुपये की परियोजनाएं आरंभ की गई हैं, जबकि 100 करोड़ रुपये की नई सड़क योजनाओं को हाल ही में स्वीकृति दी गई है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक इस क्षेत्र में सड़क और पेयजल योजनाओं पर लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पठानिया ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ शिक्षा अर्जित करने का आह्वान किया और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये तथा प्राथमिक विद्यालय बलेरा के विद्यार्थियों को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने 39 लाख रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें अटल टिकरिंग लैब, अपना पुस्तकालय, सामुदायिक भवन और कॉमन सर्विस सेंटर शामिल हैं। समारोह में एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, डीएफओ रजनीश महाजन, तहसीलदार रमेश चौहान, प्रधानाचार्य जगजीत आजाद सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।
